जेल में इलाज नहीं मिलने का आरोप, 21 साल के हर्षित की मौत पर परिवार का फूटा गुस्सा; CM हाउस घेरने की चेतावनी
प्रदर्शन के चलते होशंगाबाद रोड पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। करीब सवा घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। बाद में पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाया और उनकी मांगों पर कार्रवाई का भरोसा दिया। इसके बाद परिजनों ने जाम खत्म कर दिया। सड़क पर यातायात सामान्य होने के बाद परिवार हर्षित का शव लेकर होशंगाबाद रोड से सुभाष नगर विश्राम गृह की ओर रवाना हो गया। हालांकि प्रदर्शनकारियों ने साफ चेतावनी दी कि यदि तीन दिन के भीतर उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। उन्होंने मुख्यमंत्री निवास का घेराव करने की भी चेतावनी दी है।
दरअसल 21 वर्षीय हर्षित राजपूत की गुरुवार रात हमीदिया अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। वह पिछले करीब दो महीने से भोपाल सेंट्रल जेल में बंद था। हर्षित के परिजनों का आरोप है कि जेल में उसकी तबीयत लगातार बिगड़ रही थी लेकिन उसे समय पर उचित इलाज नहीं मिला। परिवार का दावा है कि जेल के डॉक्टर ने इलाज के लिए पैसे मांगे थे। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि उन्होंने कई बार आवेदन देकर हर्षित को अस्पताल में भर्ती कराने की मांग की लेकिन जेल प्रशासन ने उनकी शिकायतों पर ध्यान नहीं दिया।
हर्षित के भाई आशीष चौहान ने पोस्टमॉर्टम के बाद शव सौंपने के तरीके पर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि शुक्रवार शाम करीब छह बजे पुलिस ने बिना एंबुलेंस के शव परिजनों को सौंप दिया। भाई ने आरोप लगाया कि पुलिस ने शव को सम्मानजनक तरीके से सौंपने के बजाय फेंककर दिया। इस घटना से परिवार में नाराजगी और बढ़ गई। परिजनों ने जेल अधीक्षक और जेलर के खिलाफ कार्रवाई की मांग दोहराई है।
हर्षित के चाचा भरत सिंह राजपूत ने जेल की चिकित्सा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनके मुताबिक कुछ दिन पहले वह जेल में हर्षित से मिलने गए थे। उस समय उसकी हालत इतनी खराब थी कि वह ठीक से चल भी नहीं पा रहा था। चाचा का कहना है कि इलाज के बारे में पूछने पर हर्षित ने बताया था कि जेल के डॉक्टर इलाज के लिए पैसे मांगते हैं। उसने यह भी बताया था कि अस्पताल ले जाने पर उसे रोज ड्रामा करने की बात कहकर वापस भेज दिया जाता था। परिवार के अनुसार जेल में और परेशानी होने के डर से हर्षित अपनी तकलीफ की शिकायत भी नहीं कर पाता था।
हर्षित भोपाल के ईश्वर नगर का रहने वाला था और बीकॉम सेकंड ईयर में पढ़ाई कर रहा था। सितंबर में शाहपुरा थाना पुलिस ने उसे मारपीट और लूटपाट के मामले में गिरफ्तार किया था। इसके बाद उसे भोपाल सेंट्रल जेल भेज दिया गया। परिवार का दावा है कि हर्षित का पहले कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं था और उसे झूठे मामले में फंसाया गया था। जेल में रहने के दौरान उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। परिजनों ने कई बार आवेदन देकर इलाज कराने की मांग की लेकिन उनका आरोप है कि जेल प्रशासन ने इस पर गंभीरता नहीं दिखाई।
परिवार के पड़ोसी सुरेंद्र सिंह चौहान ने भी आरोप लगाया कि आवेदन दिए जाने के बावजूद जेल प्रशासन ने कोर्ट को हर्षित की तबीयत ठीक होने की जानकारी दी थी। उनका दावा है कि हर्षित निमोनिया से पीड़ित था। हालत ज्यादा बिगड़ने पर बुधवार शाम उसे हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया लेकिन गुरुवार रात उसकी मौत हो गई।
मामले में अस्पताल में इलाज के दौरान हर्षित के पैरों में बेड़ियां बांधे जाने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। सामने आए वीडियो में छात्र वेंटिलेटर पर दिखाई दे रहा है और उसके पैरों में बेड़ियां नजर आ रही हैं। इस तस्वीर ने परिजनों की नाराजगी और बढ़ा दी है। अब परिवार पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग कर रहा है। तीन दिन का अल्टीमेटम दिए जाने के बाद प्रशासन के सामने इस मामले में उचित जवाब देने और परिजनों की शिकायतों की जांच करने की चुनौती है।
