November 19, 2026

MP में बढ़ी ठंड, 16 शहरों में पारा 15 डिग्री से नीचे, इंदौर प्रदेश का दूसरा सबसे ठंडा शहर

0
photo-1-1-1794800263

भोपाल । मध्य प्रदेश में सर्दी का असर लगातार तेज हो रहा है। रात और सुबह के समय ठिठुरन बढ़ने लगी है। प्रदेश के 16 शहरों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। कटनी का करौंदी 11.5 डिग्री के साथ सबसे ठंडा रहा, जबकि इंदौर में न्यूनतम तापमान 11.8 डिग्री दर्ज किया गया। इस बीच बंगाल की खाड़ी में बन रही चक्रवातीय गतिविधियों के चलते 18 नवंबर के बाद प्रदेश के कुछ हिस्सों में मावठा गिरने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में चक्रवातीय गतिविधियां सक्रिय हैं। इनके प्रभाव से प्रदेश में बारिश हो सकती है। मौसम प्रणाली 17 नवंबर को पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर प्रचंड चक्रवाती तूफान का रूप ले सकती है। इसका असर मध्य प्रदेश के पूर्वी और दक्षिणी हिस्सों में दिखाई देने की संभावना है। हालांकि, अगले दो से तीन दिनों में इसकी दिशा और प्रभाव को लेकर स्थिति अधिक स्पष्ट होगी। मौसम विभाग के अनुसार, 18 नवंबर के बाद प्रदेश में मावठा गिर सकता है।

उत्तर भारत की बर्फबारी से भी बढ़ी ठिठुरन

कश्मीर और उत्तराखंड के कई इलाकों में बर्फबारी का दौर जारी है। वहीं, राजस्थान में चक्रवातीय परिस्थितियों के चलते हल्की बारिश दर्ज की गई है। उत्तर भारत में बदलते मौसम का असर मध्य प्रदेश में भी महसूस किया जा रहा है। इसके चलते रात के तापमान में गिरावट आई है और सुबह-शाम ठंड का असर बढ़ गया है।

करौंदी सबसे ठंडा, इंदौर दूसरे नंबर पर

बीती रात कटनी जिले के करौंदी में प्रदेश का सबसे कम 11.5 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। इंदौर 11.8 डिग्री के साथ दूसरे स्थान पर रहा। छिंदवाड़ा में 12.2, कल्याणपुर में 12.3, अमरकंटक में 12.4, रायसेन में 12.5 और दमोह में 12.6 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।

इसके अलावा पचमढ़ी और मलाजखंड में न्यूनतम तापमान 13.2 डिग्री, नौगांव में 13.4 और उमरिया में 13.8 डिग्री रहा। जबलपुर, मंडला और नरसिंहपुर में पारा 14 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि उज्जैन में 14.5 और रीवा में 14.6 डिग्री न्यूनतम तापमान रहा। मौसम के मौजूदा रुख को देखते हुए आने वाले दिनों में ठंड का असर और बढ़ने के आसार हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *