November 19, 2026

पहाड़ों की बर्फबारी से MP में बढ़ी ठंड, 19 शहरों में पारा 15 डिग्री से नीचे, 20 नवंबर के बाद बारिश के आसार

0
photo-1-1-1794714272

भोपाल । मध्य प्रदेश में सर्दी ने दस्तक दे दी है। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी के असर से प्रदेश के कई शहरों में रात का तापमान गिरने लगा है। बीती रात 19 शहरों में पारा 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। अमरकंटक 10.7 डिग्री के साथ सबसे ठंडा रहा, जबकि इंदौर में न्यूनतम तापमान 11.2 डिग्री दर्ज हुआ। मौसम विभाग ने 20 नवंबर के बाद प्रदेश में बारिश का एक और दौर आने की संभावना जताई है।

अमरकंटक सबसे ठंडा, इंदौर दूसरे नंबर पर
प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान अनूपपुर जिले के अमरकंटक में 10.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश के इकलौते हिल स्टेशन पचमढ़ी में पारा 11.8 डिग्री रहा, जबकि इंदौर 11.2 डिग्री के साथ अमरकंटक के बाद सबसे ठंडा शहर रहा।

कटनी के करौंदी में न्यूनतम तापमान 11.3 डिग्री, शाजापुर के गिरवर में 11.7 डिग्री और दमोह में 12 डिग्री दर्ज किया गया। छिंदवाड़ा और रायसेन में पारा 12.4 डिग्री, नौगांव में 13 डिग्री रहा। राजधानी भोपाल और जबलपुर में न्यूनतम तापमान 13.2 डिग्री, जबकि उज्जैन में 13.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रात और सुबह के समय ठंड का असर ज्यादा महसूस हो रहा है।

वेस्टर्न डिस्टरबेंस के आगे बढ़ने पर चलेगी उत्तरी हवा
मौसम विभाग के मुताबिक, फिलहाल उत्तर-पश्चिम भारत में वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय है। इसके प्रभाव से पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और बारिश हो रही है। यह सिस्टम आगे बढ़ने के बाद उत्तर दिशा से ठंडी हवाएं चलेंगी, जिनका असर मध्य प्रदेश के मौसम पर भी पड़ेगा। ऐसे में 15 नवंबर के बाद प्रदेश में ठंड और बढ़ने का अनुमान है।

नवंबर के दूसरे पखवाड़े में बढ़ेगी ठिठुरन
पिछले 10 वर्षों के नवंबर महीने के मौसम के रुझान पर नजर डालें तो नौ साल प्रदेश में दूसरे पखवाड़े के दौरान तेज ठंड पड़ी है। इस बार भी मौसम विभाग ने नवंबर के दूसरे हिस्से में तापमान में गिरावट की संभावना जताई है। खासतौर पर ग्वालियर-चंबल संभाग में उत्तरी हवाओं के सीधे पहुंचने से ठंड का असर अधिक रह सकता है।

ग्वालियर में 57 साल पहले नवंबर महीने में न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। वहीं, उज्जैन में 53 साल पहले पारा 2.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

20 नवंबर के बाद बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवातीय तूफान के प्रभाव से 20 नवंबर के बाद मध्य प्रदेश में बारिश का एक दौर आ सकता है। भोपाल, इंदौर और जबलपुर सहित प्रदेश के कुछ हिस्सों में नवंबर के दौरान बारिश का पुराना ट्रेंड रहा है। इस बार भी महीने के तीसरे और चौथे सप्ताह में मौसम प्रणाली सक्रिय होने से बारिश की संभावना जताई गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed