November 19, 2026

राहुल गांधी के 'शराब की बू' वाले बयान पर भड़की आप, सौरभ भारद्वाज बोले- इतनी गिर गई कांग्रेस की राजनीति?

0
rahul-1793860001

नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर दिए गए बयान से सियासी विवाद खड़ा हो गया है। राहुल गांधी ने बुधवार को पंजाब में कांग्रेस के चुनाव अभियान की शुरुआत करते हुए मुख्यमंत्री मान पर निशाना साधा था। उन्होंने आरोप लगाया कि सुबह 11 बजे भी मान के मुंह से शराब की बू आती है। राहुल के इस बयान पर आम आदमी पार्टी (आप) ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। आप के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा कि राहुल गांधी जैसे कद के नेता को इस तरह की ओछी टिप्पणियां शोभा नहीं देतीं।

राहुल गांधी ने पंजाब में चुनावी अभियान के दौरान कहा था कि भगवंत मान लोकसभा में उनके साथ बैठते थे और चुटकुले सुनाया करते थे। उन्होंने कहा कि पंजाब को नशे से मुक्त करना है तो मुख्यमंत्री हर शाम नशा नहीं कर सकता।

राहुल गांधी को ऐसी बातें शोभा नहीं देतीं: भारद्वाज

राहुल के बयान पर पलटवार करते हुए सौरभ भारद्वाज ने कहा कि राहुल गांधी जैसे वरिष्ठ नेता को इस तरह के आरोप नहीं लगाने चाहिए। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी पर भी नशीले पदार्थों के सेवन को लेकर आरोप लग चुके हैं, लेकिन केवल आरोप लगाने से कुछ साबित नहीं होता। इस तरह की टिप्पणियों से कोई राजनीतिक उद्देश्य हासिल नहीं होगा।

भारद्वाज ने सवाल उठाया कि राहुल गांधी भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के खिलाफ ऐसी टिप्पणियां क्यों नहीं करते? उन्होंने राहुल के बयान को निचले स्तर का हमला बताते हुए कहा कि इससे उनकी राजनीति का स्तर दिखाई देता है।

कांग्रेस और भाजपा पर पंजाब को निशाना बनाने का आरोप

आप नेता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और भाजपा दोनों का ध्यान पांच राज्यों के चुनावी मुद्दों के बजाय पंजाब और आप सरकार को निशाना बनाने पर केंद्रित है। उन्होंने कहा कि दोनों पार्टियां सुबह से रात तक पंजाब सरकार और उसके नेताओं पर हमले कर रही हैं। आखिर ये पार्टियां दूसरे चुनावी राज्यों में आपस में मुकाबला करने के बजाय पंजाब के पीछे क्यों पड़ी हैं? भारद्वाज के मुताबिक, इसकी वजह यह है कि पंजाब में विपक्षी दल की सरकार चल रही है।

खड़गे ने भी मान सरकार पर लगाए आरोप

इस बीच कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार को पिछले 60 वर्षों की सबसे भ्रष्ट सरकार करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि अरविंद केजरीवाल ने पंजाब में कलेक्शन एजेंट तैनात कर रखे हैं।

खड़गे के आरोपों पर भी सौरभ भारद्वाज ने पलटवार किया। उन्होंने कांग्रेस पर भाजपा के बजाय विपक्षी दलों को निशाना बनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस और भाजपा के बीच मिलीभगत है। दोनों पार्टियां मिलकर आम आदमी पार्टी को निशाना बना रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed