November 21, 2026

धीरेंद्र शास्त्री बोले- हिंदू एकता के लिए गोली भी खानी पड़े तो खाएंगे, रामकथा के विरोधियों को दी चेतावनी

0
untitled-1795245364

नई दिल्ली। प्रतापगढ़ के कुंडा स्थित बेंती में आयोजित रामकथा के समापन के बाद बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने अपने बयान से नई चर्चा छेड़ दी। शुक्रवार को रामकथा के बाद आयोजित दिव्य दरबार में उन्होंने हिंदू एकता को लेकर कहा कि इसके लिए गालियां ही नहीं बल्कि गोली भी खानी पड़े तो वह पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने रामकथा का विरोध करने वालों पर भी निशाना साधा और कहा कि आने वाले समय में यदि कोई हिंदुओं को छेड़ेगा तो उसे छोड़ा नहीं जाएगा। इस दौरान कथा के आयोजक और कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया ने भी मंच से विरोधियों को जवाब दिया।

योगीराज देवराहा बाबा कथा मंडपम में आयोजित तीन दिवसीय रामकथा के समापन के बाद धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि पूरा आयोजन दिव्य और भव्य तरीके से संपन्न हुआ। उन्होंने दावा किया कि कुछ लोग इस कथा को रोकने की कोशिश कर रहे थे लेकिन उनका प्रयास सफल नहीं हुआ। विरोधियों पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि कुछ लोग उनके बयानों के बाद कुछ समय के लिए कृष्ण भक्त बन गए थे लेकिन गोपाष्टमी के अवसर पर उनमें से कोई भी गोपूजन करता नजर नहीं आया। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग अलग-अलग नामों से विरोध कर रहे हैं ताकि हिंदुओं को आपस में लड़ाया जा सके।

धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि वह पहले भी हिंदू एकता की बात करते रहे हैं और आगे भी इस अभियान को जारी रखेंगे। उन्होंने कहा कि हिंदुओं को एक करने के लिए गालियां सहनी पड़ें या गोली खानी पड़े तो भी वह पीछे नहीं हटेंगे। हालांकि उन्होंने अपने बयान में यह भी कहा कि उन्हें भरोसा है कि अब उन्हें गोली खाने की जरूरत नहीं पड़ेगी बल्कि हिंदू एकता का विरोध करने वालों को सिरदर्द की गोली खानी पड़ सकती है। उनके इस बयान के बाद रामकथा और उससे जुड़े विवाद एक बार फिर चर्चा में आ गए हैं।

इधर रामकथा के दौरान राजा भैया के पिता और भदरी नरेश राजा उदय प्रताप सिंह की एक सोशल मीडिया पोस्ट भी चर्चा का विषय बनी हुई है। उन्होंने अपने एक्स हैंडल पर लिखा कि हिंदू विरोधी ताकतों से मुकाबला करने के लिए देश को एक कट्टर हिंदूवादी प्रधानमंत्री की जरूरत है और मौजूदा समय में योगी आदित्यनाथ इस भूमिका के लिए उपयुक्त हैं। उनकी इस पोस्ट पर सोशल मीडिया पर अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आईं। कथा स्थल पर कुछ समर्थक ऐसे पोस्टर लेकर भी पहुंचे जिनमें राजा भैया को उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री और योगी आदित्यनाथ को देश का प्रधानमंत्री बनाने की मांग लिखी गई थी।

रामकथा के विरोध को लेकर अब तक अपेक्षाकृत चुप रहे आयोजक राजा भैया ने समापन के दिन मंच से इस मुद्दे पर अपनी बात रखी। उन्होंने बताया कि बागेश्वर धाम के धीरेंद्र शास्त्री जब प्रयागराज एयरपोर्ट पहुंचे थे तो उन्हें वहां से हेलीकॉप्टर के जरिए बेंती लाने का विकल्प मौजूद था। लेकिन वह यह देखना चाहते थे कि आखिर उन्हें रोकने की कोशिश कौन कर रहा है। इसी वजह से वह स्वयं प्रयागराज पहुंचे और उन्होंने पुलिस तथा प्रशासन को भी अपने आने की सूचना नहीं दी। राजा भैया ने कहा कि इसके बावजूद रास्ते में उन्हें रोकने वाला कोई नहीं मिला।

उन्होंने रामकथा के विरोध पर सवाल उठाते हुए कहा कि भारत में कोई यह कैसे कह सकता है कि रामकथा नहीं होगी। राजा भैया के मुताबिक धीरेंद्र शास्त्री के विरोध की एक वजह यह है कि वह हिंदुओं को एक करने और जाति-पाति के भेदभाव को समाप्त करने की बात करते हैं। इसी कारण कुछ लोगों को उनकी बातें पसंद नहीं आतीं। रामकथा के समापन पर धीरेंद्र शास्त्री और राजा भैया के बयानों ने आयोजन से जुड़े विवाद और राजनीतिक चर्चाओं को फिर सुर्खियों में ला दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed