November 19, 2026

एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में भारत की जीत की उम्मीद, समीर दाद बोले- दीपिका और नवनीत बदल सकती हैं मुकाबले का रुख

0
untitled-1794893426

भोपाल। भोपाल में 19 से 28 नवंबर तक आयोजित होने जा रही महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी को लेकर हॉकी प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह है। लंबे अंतराल के बाद शहर को इतने बड़े अंतरराष्ट्रीय हॉकी टूर्नामेंट की मेजबानी मिली है। प्रतियोगिता में भारत सहित एशिया की छह मजबूत टीमें चीन जापान दक्षिण कोरिया मलेशिया और थाईलैंड हिस्सा लेंगी। इस बड़े आयोजन को लेकर मध्यप्रदेश राज्य पुरुष हॉकी अकादमी के कोच और ओलिंपियन समीर दाद ने भारतीय टीम की संभावनाओं पर भरोसा जताया है। उनका मानना है कि चीन फिलहाल मजबूत दावेदार है लेकिन भारतीय महिला टीम अपने प्रदर्शन से बड़ा उलटफेर करने की क्षमता रखती है।

समीर दाद के मुताबिक मौजूदा परिस्थितियों में चीन की टीम भारत के मुकाबले थोड़ी मजबूत दिखाई देती है। चीन ओलिंपिक पदक विजेता टीम है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उसका प्रदर्शन भी शानदार रहा है। उन्होंने दोनों टीमों की संभावनाओं को 60 और 40 के अनुपात में चीन के पक्ष में माना है। हालांकि उनका कहना है कि भारतीय टीम पहले भी एशियन गेम्स में चीन को हरा चुकी है। ऐसे में इस बार भी भारतीय खिलाड़ियों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जा सकती है।

भारतीय टीम की ताकत पर चर्चा करते हुए समीर दाद ने दीपिका को महत्वपूर्ण खिलाड़ी बताया। उनके अनुसार महिला हॉकी में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलना सबसे अहम होता है और दीपिका इस मामले में टीम के लिए बड़ा हथियार साबित हो सकती हैं। इसके अलावा अनुभवी खिलाड़ी नवनीत कौर की खेल को समझने की क्षमता और कप्तान सलीमा टेटे का नेतृत्व भारतीय टीम को मजबूती देता है। समीर का मानना है कि टीम में कोई बड़ी कमजोरी नजर नहीं आती और खिलाड़ी एक इकाई के रूप में अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं।

भोपाल की हॉकी पहचान पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि शहर को लंबे समय से हॉकी की नर्सरी माना जाता रहा है। हालांकि एक समय ऐसा भी आया जब यहां हॉकी का स्तर गिरने लगा था। मध्यप्रदेश सरकार की ओर से खेल अकादमियां शुरू किए जाने के बाद स्थिति में बदलाव आया। वर्ष 2007 में शुरू हुई अकादमियों के परिणाम 2020 के बाद अधिक दिखाई देने लगे हैं। आज प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं। एशिया कप में स्वर्ण पदक जीतने वाली टीम में मध्यप्रदेश के छह खिलाड़ियों की मौजूदगी और जूनियर वर्ल्ड कप में प्रदेश के खिलाड़ियों का प्रदर्शन इसका उदाहरण है। विवेक सागर और नीलकांत शर्मा जैसे खिलाड़ियों ने भी प्रदेश का नाम रोशन किया है।

घरेलू मैदान पर खेलने को लेकर समीर दाद ने कहा कि दर्शकों का समर्थन खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ाता है लेकिन कई बार यही समर्थन दबाव का कारण भी बन सकता है। खिलाड़ियों को इस माहौल के साथ तालमेल बैठाना होगा। उन्होंने हॉकी की लोकप्रियता को लेकर कहा कि क्रिकेट टीवी पर आसानी से समझ आने वाला खेल है जबकि हॉकी की गति बेहद तेज होती है। इसे मैदान में देखकर ही असली रोमांच महसूस किया जा सकता है।

समीर दाद ने सरकार से दर्शकों के लिए विशेष बसों की व्यवस्था करने की अपील भी की है। उनका कहना है कि आयोजन स्थल तक पहुंचने में दूरी के कारण लोगों को परेशानी हो सकती है। यदि परिवहन की बेहतर व्यवस्था हो तो अधिक दर्शक मुकाबले देखने पहुंचेंगे। उन्होंने बुजुर्ग हॉकी प्रेमियों से भी स्टेडियम पहुंचने की अपील की। उनका मानना है कि यह टूर्नामेंट भोपाल में हॉकी के पुराने गौरव को दोबारा जीवित करने और नई पीढ़ी को इस खेल से जोड़ने का बड़ा अवसर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed