इंदौर की फैक्ट्रियों पर पानी का संकट, सप्लाई नहीं सुधरी तो बंद हो सकती हैं कई यूनिट, टैंकरों से चलेगा कारोबार
इंदौर के सांवेर रोड और पालदा के साथ पोलोग्राउंड सहित कई औद्योगिक क्षेत्रों में पानी की समस्या गंभीर होती जा रही है। सांवेर रोड औद्योगिक क्षेत्र मुख्य रूप से बोरिंग के पानी पर निर्भर है। यहां नर्मदा जल की नियमित आपूर्ति नहीं होती और नगर निगम की सीमित जलापूर्ति औद्योगिक जरूरतों को पूरा करने के लिए पर्याप्त नहीं है। पालदा औद्योगिक क्षेत्र में करीब 300 से 400 इकाइयां संचालित हैं। इनमें बड़ी संख्या ऐसे उद्योगों की है जिनकी उत्पादन प्रक्रिया में पानी की लगातार जरूरत पड़ती है।
ऑल इंडिया एसोसिएशन ऑफ इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष प्रकाशचंद जैन और अन्य उद्यमियों ने चिंता जताई है कि डाइंग और कलरिंग के अलावा टेक्सटाइल तथा प्लास्टिक उद्योगों में पानी की जरूरत काफी अधिक होती है। इंजेक्शन मोल्डिंग और केमिकल से जुड़ी इकाइयों को भी नियमित पानी चाहिए। ऐसे उद्योगों में पानी की कमी होने पर उत्पादन प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है। उद्यमियों का कहना है कि वे पानी की उचित कीमत चुकाने को तैयार हैं लेकिन केवल कीमत देने से पानी की उपलब्धता सुनिश्चित नहीं होगी। इसके लिए पर्याप्त जलस्रोत और नियमित सप्लाई की व्यवस्था जरूरी है।
सांवेर रोड स्थित एक फार्मा कंपनी के संचालक अमित चावला के मुताबिक यहां की फैक्ट्रियां बोरिंग के पानी पर निर्भर हैं लेकिन अब भूजल का स्तर घटने से परेशानी बढ़ रही है। यदि नगर निगम ने समय रहते व्यवस्था नहीं की तो उद्योगों को खुद पानी का इंतजाम करना पड़ेगा। कुछ औद्योगिक क्षेत्रों में टैंकरों से पानी पहुंचाने की शुरुआत भी हो चुकी है। हालांकि टैंकरों पर निर्भरता बढ़ने से फैक्ट्रियों का खर्च बढ़ेगा और इसका सीधा असर तैयार उत्पादों की कीमतों पर पड़ सकता है।
इस समस्या के समाधान के लिए नगर निगम की बैठक में औद्योगिक क्षेत्रों को ईटीपी यानी एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट से ट्रीट किया हुआ पानी उपलब्ध कराने का प्रस्ताव सामने आया था। इसके लिए अलग पाइपलाइन बिछाने की योजना पर भी चर्चा हुई थी। लेकिन अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि उद्योगों को कितनी मात्रा में पानी मिलेगा और पाइपलाइन का काम कब तक पूरा होगा। उद्यमियों का कहना है कि जब तक योजना की समयसीमा और आपूर्ति की मात्रा तय नहीं होती तब तक केवल आश्वासन से समस्या का समाधान नहीं होगा।
दूसरी ओर नगर निगम की प्राथमिकता आम नागरिकों को पीने का पानी उपलब्ध कराना है। अधिक भूजल निकालने वाली बोरिंग पर नियंत्रण या कार्रवाई की तैयारी की बात भी सामने आई है ताकि लोगों के लिए पानी सुरक्षित रखा जा सके। उद्योग जगत भी इस प्राथमिकता को जरूरी मानता है लेकिन उसका कहना है कि फैक्ट्रियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था भी बनाई जानी चाहिए। इंदौर में नर्मदा से अतिरिक्त पानी लाने की संभावनाओं पर भी चर्चा हो रही है।
पोलोग्राउंड औद्योगिक क्षेत्र में लघु उद्योग निगम द्वारा पानी की टंकी तैयार कर इंडस्ट्रियल एसोसिएशन को सौंपी गई है। यहां नगर निगम उद्योगों को कनेक्शन देने का काम कर रहा है और जल्द नियमित सप्लाई शुरू करने का आश्वासन दिया गया है। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि बाकी औद्योगिक क्षेत्रों तक पानी कब पहुंचेगा। क्योंकि पानी की कमी केवल उत्पादन तक सीमित नहीं रहेगी बल्कि इससे रोजगार और शहर की अर्थव्यवस्था भी प्रभावित हो सकती है।
