November 19, 2026

इंदौर में नौकरी शुरू किए अभी 25 दिन ही हुए थे, निजी कंपनी के जनरल मैनेजर की अचानक मौत से मचा हड़कंप

0
untitled-1794901822

इंदौर । इंदौर के लसूड़िया इलाके में एक निजी कंपनी के जनरल मैनेजर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक मूल रूप से केरल के रहने वाले थे और करीब 25 दिन पहले ही कंपनी के इंदौर कार्यालय में काम संभालने आए थे। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से उनके एक पैर में दर्द था। सोमवार को दर्द बढ़ने पर वे डॉक्टर के पास पहुंचे थे। वहां से उन्हें निजी अस्पताल भेजा गया लेकिन अस्पताल में उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने मामले को जांच में लिया है। मौत की असल वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

लसूड़िया पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान 44 वर्षीय मेनन दिनेश पुत्र करुणा कृष्णन के रूप में हुई है। वे महालक्ष्मी नगर में रह रहे थे। सोमवार देर शाम कंपनी के कर्मचारी उन्हें एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचे थे। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने आवश्यक जानकारी जुटाना शुरू कर दिया। शुरुआती जानकारी के अनुसार दिनेश की तबीयत बिगड़ने से पहले पैर में दर्द की शिकायत थी।

मेनन दिनेश एबी रोड स्थित क्रिस्टल कॉर्पोरेट बिल्डिंग में संचालित वडोरा इंडिया प्राइवेट लिमिटेड में जनरल मैनेजर के पद पर कार्यरत थे। कंपनी का प्लांट टीकमगढ़ में है जहां केबल और कनेक्टर बनाने का काम किया जाता है। कंपनी के कर्मचारियों के मुताबिक दिनेश करीब 25 दिन पहले ही केरल से इंदौर आए थे और यहां कंपनी के कार्यालय में अपनी जिम्मेदारी संभाल रहे थे। नई जगह पर आए हुए उन्हें ज्यादा समय भी नहीं हुआ था कि यह दुखद घटना हो गई।

कंपनी स्टाफ के अनुसार दिनेश के एक पैर में पिछले कुछ दिनों से दर्द बना हुआ था। इसके लिए वे बंगाली चौराहे पर डॉक्टर नितिन साहू से इलाज करा रहे थे। सोमवार को वे नियमित रूप से कार्यालय नहीं पहुंचे। शाम के समय उन्होंने डॉक्टर को फोन कर बताया कि पैर में दर्द बढ़ गया है। इसके बाद वे क्लीनिक पहुंचे। डॉक्टर ने उनकी स्थिति को देखते हुए उन्हें एक निजी अस्पताल भेज दिया। अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी तबीयत और बिगड़ गई।

बताया गया है कि अस्पताल प्रबंधन ने कंपनी के कर्मचारी जीवन राजा को फोन कर दिनेश की हालत की जानकारी दी थी। इसके बाद उन्हें एमवाय अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। हालांकि पैर में दर्द की शिकायत के बाद उनकी तबीयत किस वजह से बिगड़ी और मौत किन परिस्थितियों में हुई इसकी आधिकारिक वजह अभी सामने नहीं आई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जानकारी जुटा रही है।

घटना की जानकारी कंपनी के हेड ऑफिस को भी दे दी गई है। इसके बाद केरल में रहने वाले मृतक के परिवार से संपर्क किया गया। मंगलवार को उनकी पत्नी और बेटी सहित अन्य परिजनों के इंदौर पहुंचने की जानकारी है। परिजनों के आने के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed