November 19, 2026

गिरफ्तार विदिशा से भोपाल आ रही पिकअप में मिले 9 गोवंश एक की मौत बजरंग दल की सूचना पर पुलिस ने टोल पर दबोचा वाहन

0
untitled-1794978701

भोपाल । भोपाल में गोवंश को अवैध तरीके से ले जाने का मामला सामने आया है। विदिशा की ओर से भोपाल आ रहे एक पिकअप वाहन को सूखी सेवनिया टोल टैक्स के पास पुलिस ने रोककर जांच की तो उसमें 9 गोवंश मिले। इनमें 8 गोवंश जीवित थे जबकि एक गोवंश मृत अवस्था में मिला। मामले की सूचना बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने पुलिस को दी थी जिसके बाद पुलिस टीम के साथ मिलकर संदिग्ध पिकअप को रोका गया। कार्रवाई के दौरान वाहन को कब्जे में लेकर गोवंश को बाहर निकाला गया। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है और पिकअप वाहन सहित गोवंश परिवहन में इस्तेमाल की गई रस्सी तथा अन्य सामान जब्त किया है।

जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई 18 नवंबर की रात और 19 नवंबर की दरमियानी रात करीब 2 बजे की बताई जा रही है। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को सूचना मिली थी कि लोडिंग पिकअप वाहन क्रमांक MP41-ZL-4638 में गोवंश को भरकर विदिशा की तरफ से भोपाल लाया जा रहा है। सूचना मिलने के बाद कार्यकर्ताओं ने पुलिस को जानकारी दी और पुलिस टीम के साथ विदिशा रोड स्थित सूखी सेवनिया टोल टैक्स के पास पहुंच गए। कुछ देर बाद बताए गए नंबर का पिकअप वाहन वहां पहुंचा तो पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन के अंदर गोवंश भरे हुए मिले।

वाहन की जांच के बाद पुलिस और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में गोवंश को एक एक करके बाहर निकाला गया। गिनती करने पर कुल 9 गोवंश मिले। इनमें 8 जीवित थे जबकि एक गोवंश मृत मिला। मृत गोवंश के संबंध में पुलिस ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए पोस्टमार्टम कराया। इसके लिए पशु चिकित्सा अधिकारी से पीएम कराया गया है ताकि मौत के कारणों का पता लगाया जा सके। वहीं जीवित मिले 8 गोवंश को सुरक्षित तरीके से जीवदया गौशाला पहुंचाया गया। पुलिस ने पूरे मामले में वाहन को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार मामले में लकी राठौर पिता दिनेश राठौर उम्र 18 वर्ष निवासी ग्राम धर्मपुरी थाना सांवेर जिला इंदौर को पकड़ा गया है। इसके अलावा रामवीर मीना उम्र 26 वर्ष निवासी भटमड़ा तथा शीतांशु ठाकुर और अजब सिंह ठाकुर दोनों उम्र 21 वर्ष को भी हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ गोवंश के अवैध परिवहन से संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की है। मामले में आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि गोवंश को कहां से लाया गया था और इन्हें भोपाल लाने के पीछे क्या उद्देश्य था।

इस कार्रवाई के बाद पुलिस अब पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि वाहन में गोवंश को किस स्थान से लोड किया गया था और आगे इन्हें कहां ले जाया जाना था। पुलिस वाहन के दस्तावेजों और आरोपियों से जुड़ी अन्य जानकारी की भी जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो तथ्य सामने आएंगे उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले की विवेचना शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed