महापुरुषों की झांकियां आतिशबाजी और महाआरती से गूंजा शिवपुरी, सहस्रबाहु जयंती पर युवाओं को मिली संगठन की जिम्मेदारी
चल समारोह मां राजेश्वरी मंदिर परिसर से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरा। गाजे-बाजे के साथ निकली शोभायात्रा जब गुरुद्वारा चौक पहुंची तो तपस्या स्टेशनरी की ओर से उसका स्वागत किया गया। इसके बाद माधव चौक चौराहे पर जोरदार आतिशबाजी हुई। शहर के अलग-अलग स्थानों पर समाजसेवियों और नागरिकों ने चल समारोह का स्वागत किया। इसके बाद भगवान सहस्रबाहु अर्जुन चौराहे पर स्थापित प्रतिमा का विधि-विधान से पूजन किया गया और सामूहिक महाआरती हुई। यहां से शोभायात्रा मानस भवन पहुंची जहां मुख्य जयंती समारोह आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में शिवपुरी विधायक देवेंद्र जैन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए जबकि भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष राजू बाथम विशिष्ट अतिथि रहे। सांसद प्रतिनिधि राकेश गुप्ता और समाज के अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे। कार्यक्रम का स्वागत भाषण पूर्व पार्षद एवं समाज के महामंत्री वीरेंद्र शिवहरे ने दिया। जिला अध्यक्ष किशन स्वरूप शिवहरे ने अपनी टीम के साथ अतिथियों का भगवान सहस्रबाहु अर्जुन की तस्वीर भेंट कर सम्मान किया। इस दौरान शॉल और माल्यार्पण के माध्यम से अतिथियों का अभिनंदन भी किया गया।
समारोह का प्रमुख आकर्षण समाज की युवा कार्यकारिणी का गठन रहा। जिला युवा अध्यक्ष कामेश शिवहरे ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को समाज के विकास और सामाजिक एकता के लिए समर्पित होकर काम करने की शपथ दिलाई। कार्यकारिणी में कामेश शिवहरे को अध्यक्ष और राजा शिवहरे को महामंत्री एवं महासचिव बनाया गया। सुमित शिवहरे हितेंद्र शिवहरे आशीष शिवहरे और रविन्द्र राय को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई। राजकुमार शिवहरे सह सचिव बनाए गए। मोहित चौकसे को संगठन मंत्री और मुकुल शिवहरे को सह संगठन मंत्री बनाया गया। मनीष शिवहरे को प्रचार मंत्री और नीरज शिवहरे को सह प्रचार मंत्री की जिम्मेदारी मिली। रूपेश चौकसे कोषाध्यक्ष और सुंदरम शिवहरे सह कोषाध्यक्ष बनाए गए। अखिलेश राय वीर को संयोजक एवं कार्यक्रम प्रभारी तथा ऋषि शिवहरे को कार्यालय मंत्री और मीडिया प्रभारी नियुक्त किया गया।
समारोह में शिक्षा और सरकारी सेवाओं के क्षेत्र में उपलब्धियां हासिल करने वाले समाज के लोगों को भी सम्मानित किया गया। शासकीय सेवा में नवनियुक्त अधिकारी और कर्मचारियों का अभिनंदन किया गया। इसके अलावा कक्षा 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं में 80 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मान देकर उनका उत्साह बढ़ाया गया। समाज के पदाधिकारियों का कहना है कि प्रतिभाओं को सम्मानित करने से युवाओं में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। पिछले वर्ष आयोजित सम्मान समारोह के बाद समाज की करीब 20 से 25 प्रतिभाओं ने शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन किया और अपनी उपलब्धियों से समाज का नाम रोशन किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में समाज के वरिष्ठ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा। महिला जिला अध्यक्ष प्रियंका अमित शिवहरे सहित विभिन्न पदाधिकारियों ने आयोजन में सहयोग किया। कार्यक्रम का संचालन गजेंद्र शिवहरे ने किया। अंत में महामंत्री वीरेंद्र शिवहरे ने अतिथियों पदाधिकारियों और समाजबंधुओं के प्रति आभार जताया। समारोह का समापन अन्नकूट महाप्रसादी के साथ हुआ जिसमें बड़ी संख्या में समाजबंधुओं ने सहभागिता की।
