भोपाल में बजेगा हॉकी का बिगुल, एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में भारत समेत 6 देशों की टक्कर, आज मलेशिया से भिड़ेगी टीम इंडिया
टूर्नामेंट के पहले दिन ही हॉकी प्रेमियों को तीन मुकाबले देखने को मिलेंगे। दोपहर 12:15 बजे चीन और थाईलैंड की टीमें आमने सामने होंगी। इसके बाद दोपहर 2:30 बजे जापान और कोरिया के बीच मुकाबला खेला जाएगा। भारतीय टीम शाम 4:45 बजे मलेशिया के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी। इसके बाद शाम 6:30 बजे चैंपियनशिप का उद्घाटन समारोह आयोजित किया जाएगा। घरेलू मैदान पर उतरने वाली भारतीय टीम से दर्शकों को शानदार प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी।
विश्व रैंकिंग की बात करें तो इस टूर्नामेंट में चीन सबसे मजबूत टीमों में शामिल है। चीन विश्व रैंकिंग में चौथे स्थान पर है जबकि भारतीय टीम सातवें स्थान पर है। जापान 11वें स्थान पर कोरिया 15वें स्थान पर मलेशिया 21वें स्थान पर और थाईलैंड 28वें स्थान पर है। एशियाई रैंकिंग में चीन पहले और भारत दूसरे स्थान पर है। ऐसे में भारतीय टीम के सामने घरेलू मैदान पर बेहतर प्रदर्शन करते हुए खिताब की मजबूत दावेदारी पेश करने की चुनौती होगी। खास तौर पर चीन और जापान जैसी मजबूत टीमों के खिलाफ होने वाले मुकाबले भारतीय खिलाड़ियों के लिए अहम साबित होंगे।
भारतीय टीम लीग चरण में सभी पांचों प्रतिद्वंद्वी टीमों के खिलाफ मुकाबला करेगी। भारत का पहला मैच 19 नवंबर को मलेशिया के खिलाफ होगा। इसके बाद 21 नवंबर को कोरिया से 22 नवंबर को थाईलैंड से 24 नवंबर को चीन से और 25 नवंबर को जापान से मुकाबला होगा। पहले दिन मलेशिया के खिलाफ भारत का मैच शाम 4:45 बजे होगा जबकि बाकी चार लीग मुकाबले शाम 7 बजे खेले जाएंगे। लीग चरण के बाद 27 नवंबर को टीमों की स्थिति के आधार पर पोजिशन मुकाबले होंगे।
27 नवंबर को दोपहर 2 बजे पांचवें और छठे स्थान की टीमों के बीच मुकाबला होगा। शाम 4:30 बजे पहले और चौथे स्थान की टीम आमने सामने होंगी जबकि शाम 7 बजे दूसरे और तीसरे स्थान की टीम के बीच मैच खेला जाएगा। इसके बाद 28 नवंबर को चैंपियनशिप के निर्णायक मुकाबले होंगे। शाम 4:30 बजे ब्रॉन्ज मेडल के लिए मुकाबला होगा जबकि शाम 7 बजे गोल्ड मेडल के लिए फाइनल खेला जाएगा। इसी के साथ दस दिन तक चलने वाली इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता का समापन होगा। भोपाल में पहली बार महिला हॉकी के इस बड़े आयोजन से शहर की खेल गतिविधियों को नई पहचान मिलने की उम्मीद है और घरेलू दर्शकों के बीच भारतीय टीम के प्रदर्शन पर सभी की नजरें रहेंगी।
