इंदौर के वकील के खाते में गलती से आए 34.32 करोड़ रुपये, 48 घंटे तक बेखबर रहा NHAI, पूरी रकम लौटाई
इंदौर । भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की भुगतान प्रक्रिया में बड़ी चूक का मामला सामने आया है। प्राधिकरण ने गलती से इंदौर के वरिष्ठ अधिवक्ता अजय बागड़िया के बैंक खाते में 34 करोड़ 32 लाख 94 हजार 346 रुपये ट्रांसफर कर दिए। हैरानी की बात यह रही कि करीब 48 घंटे तक विभाग को इस गलती का पता नहीं चला। वकील ने खुद अधिकारियों को इसकी जानकारी दी और पूरी रकम वापस कर दी।
जानकारी के मुताबिक, 7 नवंबर 2026 को अजय बागड़िया के बैंक खाते में NEFT के जरिए 34 करोड़ 32 लाख 94 हजार 346 रुपये जमा हुए। बैंक की ओर से फोन आने और मोबाइल पर मैसेज मिलने के बाद उन्हें खाते में इतनी बड़ी रकम आने का पता चला। इसके बाद उन्होंने राशि के स्रोत की जांच की तो मालूम हुआ कि यह भुगतान NHAI की ओर से किया गया है।
हरदा के प्रोजेक्ट मैनेजर को दी सूचना
गलती का पता चलते ही अजय बागड़िया ने हरदा में NHAI के प्रोजेक्ट मैनेजर मनीष मीणा से संपर्क किया। उन्होंने अधिकारियों को बताया कि इतनी बड़ी रकम उनके खाते में गलती से पहुंची है। मामला सामने आने के बाद विभाग में हलचल मच गई। प्रोजेक्ट मैनेजर ने भुगतान में हुई चूक स्वीकार करते हुए उनसे राशि वापस करने का अनुरोध किया।
9 नवंबर को पूरी रकम लौटाई
अजय बागड़िया ने 9 नवंबर को 34 करोड़ 32 लाख 94 हजार 346 रुपये की पूरी रकम NHAI को वापस कर दी। इस तरह गलत खाते में पहुंची करोड़ों रुपये की राशि दो दिन के भीतर विभाग को लौटा दी गई। बताया जाता है कि बागड़िया NHAI से जुड़े मामलों में प्राधिकरण की पैरवी भी करते हैं।
भुगतान प्रक्रिया पर उठे सवाल
इस घटना के बाद NHAI की भुगतान व्यवस्था और आंतरिक जांच प्रक्रिया पर सवाल खड़े हो रहे हैं। सामान्य तौर पर किसी भी बड़े भुगतान से पहले प्रोजेक्ट अधिकारी, प्रोजेक्ट डायरेक्टर और वित्त विभाग के स्तर पर दस्तावेजों के साथ बैंक खाते का सत्यापन किया जाता है। इसके बावजूद इतनी बड़ी रकम गलत खाते में कैसे पहुंच गई? भुगतान के बाद करीब 48 घंटे तक अधिकारियों को इसकी जानकारी क्यों नहीं हुई? अब इन सवालों को लेकर विभाग की कार्यप्रणाली पर चर्चा हो रही है।
