सैम पित्रोदा के विवादास्पद बयान पर अन्नामलाई बोले, कांग्रेस सोचती है देश आक्रमणकारियों की भूमि

0

चेन्नई। ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष रहे सैम पित्रोदा का बयान देश में बवाल का कारण बन गया है। भारतीयों की चीनी-अफ्रीकियों से तुलना करके उन्होंने नया विवाद खड़ा कर दिया है। उनके बयान को लेकर भाजपा लगातार कांग्रेस और उनपर निशाना साध रही है। अब तमिलनाडु के भाजपा प्रमुख के अन्नामलाई ने पित्रोदा को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि अफ्रीकी और चीनी दिखने में कुछ भी गलत नहीं है।

अन्नामलाई ने आगे कहा, कांग्रेस की सोच दिखाती है कि भारत आक्रमणकारियों की भूमि है और हम आक्रमणकारियों के वंशज हैं। इसलिए ही उनकी टिप्पणी मूर्खतापूर्ण और अपमानजनक है। इसका अर्थ यह है कि हम इन लोगों के वंशज हैं, भारतीय नहीं है। उन्होंने आगे कहा कि सिर्फ कांग्रेस पार्टी के ही मालिक देश के बाहर हैं। केवल यह पार्टी ही उस हद तक जा सकती है जहां वह हमें आक्रमणकारियों का वंशज कह सकती है। भाजपा नेता ने पित्रोदा के बयान की निंदा करते हुए कहा कि यह सिर्फ हमारे लिए बुरा महसूस करना नहीं है, बल्कि यह कांग्रेस की मानसिकता दिखाता है। यही कारण है कि हमारे प्रधानमंत्री कहते हैं कि हमें कांग्रेस मुक्त भारत की आवश्यकता है।

बता दें, सैम पित्रोदा ने बुधवार को एक अंग्रेजी अखबार को इंटरव्यू दिया था। इसमें कहा था कि हम भारत जैसे विविधता से भरे देश को एकजुट रख सकते हैं, जहां पूर्व के लोग चीनी जैसे लगते हैं, पश्चिम के लोग अरब जैसे दिखते हैं, उत्तर के लोग गोरों जैसे और दक्षिण भारतीय अफ्रीकी जैसे लगते हैं। इससे कोई फर्क नहीं पड़ता, हम सभी बहन-भाई हैं।’ पित्रोदा ने कहा था कि भारत में अलग-अलग क्षेत्र के लोगों के रीति-रिवाज, खान-पान, धर्म, भाषा अलग-अलग हैं, लेकिन भारत के लोग एक-दूसरे का सम्मान करते हैं। कांग्रेस नेता ने कहा था कि देश के लोग 75 वर्षों तक एक सुखद वातावरण में रहे हैं, कुछ लड़ाइयों को छोड़ दें तो लोग साथ रह सकते हैं। पीएम मोदी ने भी कांग्रेस पर पलटवार करते हुए कहा था, ‘आज मैं बहुत गुस्से में हूं। चमड़ी के रंग के आधार पर देशवासियों को गाली दे रहे हैं। चमड़ी को लेकर देश अपमान सहन नहीं करेगा। शहजादे को इसका जवाब देना होगा।

ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष रहे सैम पित्रोदा ने बीते दिनों विरासत टैक्स को लेकर बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि अमेरिका में एक विरासत टैक्स होता है, जिसके तहत अगर किसी व्यक्ति के पास 10 करोड़ डॉलर की संपत्ति है तो उसकी मृत्यु के बाद बच्चों को सिर्फ 45 प्रतिशत संपत्ति ही मिलती है बाकि संपत्ति सरकार बतौर विरासत टैक्स अपने पास रख लेती है। यह एक रोचक कानून है। यह कहता है कि अगर आपने संपत्ति बनाई है और आप दुनिया छोड़कर जा रहे हैं तो आपको अपनी संपत्ति जनता के लिए छोड़कर जानी चाहिए, पूरी नहीं बल्कि आधी और मुझे भी ये सही लगता है। भाजपा ने सैम पित्रोदा के बयान पर कांग्रेस को निशाने पर ले लिया था और कहा कि कांग्रेस लोगों की निजी संपत्ति छीनना चाहती है। पित्रोदा के इस बयान पर इतना हंगामा हुआ कि कांग्रेस पार्टी को बचाव में उतरना पड़ा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *