November 19, 2026

भोपाल के वैशाली नगर में 16 दिन के भीतर दूसरी बार मिला ई-कोलाई बैक्टीरिया, पेयजल सप्लाई पर उठे गंभीर सवाल.

0
19-1794735694
मध्य प्रदेश: इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पेयजल से हुई मौतों के मामले के बाद अब राजधानी भोपाल के वैशाली नगर में भी पानी की गुणवत्ता को लेकर गंभीर चिंता सामने आई है। यहां नलों से मिलने वाले पानी की निजी प्रयोगशाला में कराई गई जांच के दौरान 16 दिनों के भीतर दूसरी बार ई-कोलाई (E. coli) बैक्टीरिया पाया गया है। लगातार दो जांच रिपोर्ट में बैक्टीरिया की मौजूदगी सामने आने के बाद स्थानीय लोगों ने पेयजल आपूर्ति की सुरक्षा और नगर निगम की निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।

स्थानीय निवासी विवेक राय ने पानी की गुणवत्ता को लेकर शिकायतों के बीच निजी प्रयोगशाला से नमूनों की जांच कराई थी। पहली रिपोर्ट 28 अक्टूबर को सामने आई। इसमें 100 मिलीलीटर पानी में ई-कोलाई बैक्टीरिया का स्तर 680 MPN दर्ज किया गया। जबकि पीने योग्य पानी में इस बैक्टीरिया की स्वीकार्य मात्रा शून्य होनी चाहिए। इसी जांच में पानी का मटमैलापन भी निर्धारित सीमा से अधिक मिला। टर्बिडिटी का स्तर पांच की निर्धारित सीमा के मुकाबले 5.9 दर्ज किया गया।

इसके बाद 12 नवंबर को दोबारा पानी का नमूना लिया गया। इसकी रिपोर्ट 13 नवंबर को आई, जिसमें एक बार फिर ई-कोलाई बैक्टीरिया की पुष्टि हुई। दूसरी जांच में इसकी मात्रा 350 MPN प्रति 100 मिलीलीटर दर्ज की गई। पहली रिपोर्ट के मुकाबले स्तर कम होने के बावजूद बैक्टीरिया की दोबारा मौजूदगी ने स्थानीय निवासियों की चिंता बढ़ा दी है।

क्षेत्र के लोगों का कहना है कि वैशाली नगर में करीब डेढ़ साल से गंदे और बदबूदार पानी की समस्या बनी हुई है। दूषित पानी पीने के बाद कई लोगों को उल्टी और दस्त की शिकायत हुई तथा कुछ को उपचार के लिए नर्सिंग होम में भर्ती कराना पड़ा। संक्रमण की आशंका के चलते करीब 200 परिवारों ने नल का पानी पीना बंद कर दिया है। ये परिवार अब पीने के लिए बोतलबंद पानी खरीदने को मजबूर हैं।

स्थानीय निवासियों के मुताबिक, पेयजल पाइपलाइन के पास से सीवेज लाइन गुजरती है। ऐसे में पाइपलाइन में लीकेज के जरिए गंदा पानी मिलने की आशंका जताई जा रही है। बापू नगर के चैंबर से गंदगी के पानी में पहुंचने की संभावना भी बताई गई है। लोगों का कहना है कि गटर की सफाई के बाद पानी लगभग दो दिन तक ठीक रहता है, लेकिन फिर समस्या दोबारा शुरू हो जाती है। लीकेज का पता लगाने के लिए 11 स्थानों पर सड़क की खुदाई भी कराई गई, लेकिन स्थायी समाधान नहीं हो पाया।

दूसरी ओर, नगर निगम का कहना है कि पेयजल की गुणवत्ता की जांच के लिए रोजाना 100 से अधिक नमूने लिए जाते हैं। दो और तीन नवंबर को भी क्षेत्र के तीन घरों से पानी के नमूने लिए गए थे। नगर निगम अध्यक्ष और वार्ड पार्षद किशन सूर्यवंशी के अनुसार, निगम की जांच में दूषित पानी की पुष्टि नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि अधिकारियों और निगम की टीम से चर्चा की गई है। शिकायत करने वाले परिवार से भी बातचीत हुई, जहां उन्हें फिलहाल स्थिति ठीक होने की जानकारी मिली। एहतियात के तौर पर लगातार सैंपलिंग और जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।

इस मुद्दे पर पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने नगर निगम की जांच व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि लगातार जांच के बावजूद बैक्टीरिया का पता नहीं चलना चिंता का विषय है। उन्होंने तत्काल उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि समस्या का समाधान नहीं होने पर वैशाली नगर में प्रदर्शन और नगर निगम का घेराव किया जाएगा। पार्टी इस मुद्दे को निगम परिषद की बैठक में भी उठाने की तैयारी में है।

फिलहाल इस मामले में निजी प्रयोगशाला की दोनों रिपोर्ट और नगर निगम के दावों के बीच स्थिति स्पष्ट होना बाकी है। पेयजल में बैक्टीरिया पहुंचने के वास्तविक कारण, पाइपलाइन में संभावित लीकेज और सीवेज के संपर्क की आशंकाओं की जांच महत्वपूर्ण होगी। खास बात यह है कि जिस नेटवर्क से वैशाली नगर में पानी पहुंचता है, उसी से भोपाल के करीब सात लाख लोगों को पेयजल आपूर्ति की जाती है। ऐसे में जांच और समस्या के स्थायी समाधान को लेकर स्थानीय लोगों की नजर प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed