November 19, 2026

ग्वालियर से गुजरात तक पुलिस का पीछा, 15 रेलवे स्टेशन और 100 CCTV कैमरों की जांच, इंस्टाग्राम दोस्ती के बाद अपहरण का आरोपी गिरफ्तार

0
untitled-1794986022

ग्वालियर । ग्वालियर में सोशल मीडिया के जरिए नाबालिगों को निशाना बनाने का एक गंभीर मामला सामने आया है। माधौगंज इलाके से लापता हुई 15 वर्षीय छात्रा को पुलिस ने गुजरात के अहमदाबाद से सुरक्षित बरामद कर लिया है। पुलिस के मुताबिक छात्रा की पहचान इंस्टाग्राम के जरिए बानमोर निवासी जितेंद्र उर्फ जीतू से हुई थी। आरोप है कि युवक उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया और बाद में जान से मारने की धमकी देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। मामले की जांच के दौरान पुलिस को ग्वालियर से अहमदाबाद तक 15 से अधिक रेलवे स्टेशनों के 100 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगालने पड़े। आखिरकार अहमदाबाद में एक ऑटो चालक से मिले सुराग के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंच गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

माधौगंज थाना प्रभारी दिव्या तिवारी के मुताबिक थाना क्षेत्र में रहने वाली 15 वर्षीय छात्रा 8 नवंबर को अचानक घर से लापता हो गई थी। परिजनों ने काफी तलाश करने के बाद पुलिस को इसकी सूचना दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। शुरुआती जांच में छात्रा के सोशल मीडिया संपर्कों की जानकारी जुटाई गई। तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस को पता चला कि बानमोर निवासी जितेंद्र उर्फ जीतू छात्रा को अपने साथ ले गया है। दोनों की पहचान इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी।

पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी छात्रा को पहले बस से मुरैना लेकर पहुंचा था। इसके बाद उसने पुलिस की नजरों से बचने के लिए ट्रेन का सहारा लिया और अहमदाबाद पहुंच गया। आरोपी की तलाश के लिए एएसआई पूरन सिंह कुशवाह गौतम सेन आरक्षक जितेंद्र तुरेले और महिला आरक्षक डोली श्रीवास्तव की विशेष टीम बनाई गई। टीम ने आरोपी के संभावित रास्ते और ठिकानों की जानकारी जुटाते हुए जांच आगे बढ़ाई।

पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह थी कि आरोपी लगातार अपना सफर बदल रहा था। ऐसे में उसकी गतिविधियों का पता लगाने के लिए ग्वालियर से अहमदाबाद के बीच पड़ने वाले 15 से ज्यादा रेलवे स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। इस दौरान 100 से अधिक कैमरों की रिकॉर्डिंग देखी गई। अहमदाबाद रेलवे स्टेशन के फुटेज में आरोपी और छात्रा ट्रेन से उतरते हुए दिखाई दिए। इसके बाद दोनों एक ऑटो में बैठकर वहां से रवाना हुए थे। इसी फुटेज ने पुलिस को जांच की अगली कड़ी तक पहुंचाया।

पुलिस ने ऑटो चालक की तलाश कर उससे पूछताछ की। चालक ने बताया कि उसने दोनों को अहमदाबाद के रोहडी इंडस्ट्रियल एरिया में छोड़ा था। इस जानकारी के बाद पुलिस टीम ने संबंधित इलाके में पहुंचकर तलाश शुरू की। पुलिसकर्मियों ने लगातार दो दिन तक इलाके में खोजबीन की। आखिरकार छात्रा और आरोपी को एक झुग्गी से ढूंढ निकाला गया। इसके बाद पुलिस छात्रा को सुरक्षित ग्वालियर लेकर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लिया।

ग्वालियर पहुंचने के बाद पुलिस ने छात्रा के बयान दर्ज किए। पीड़िता ने बताया कि इंस्टाग्राम पर दोस्ती होने के बाद आरोपी ने उसे मिलने के लिए बुलाया था। आरोप है कि इसके बाद जान से मारने की धमकी देकर उसे अपने साथ ले गया। छात्रा ने पुलिस को यह भी बताया कि अहमदाबाद की झुग्गी में आरोपी ने उसे डराया-धमकाया और उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता के बयान के आधार पर पुलिस ने पहले दर्ज अपहरण के मामले में दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की धाराएं भी बढ़ा दी हैं।

सीएसपी किरन अहिरवार ने बताया कि माधौगंज थाना पुलिस की टीम ने करीब एक महीने से लापता नाबालिग छात्रा को अहमदाबाद से सुरक्षित बरामद किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से दोस्ती करते समय बच्चों की सुरक्षा और उनकी ऑनलाइन गतिविधियों पर सतर्क निगरानी की जरूरत को सामने ला दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed