भोपाल में 9 घंटे में 599 मकान जमींदोज, 490 परिवारों के सामने बेघर होने का संकट; 5.73 एकड़ जमीन पर बनेगी नई हाउसिंग
कार्रवाई के बाद सबसे बड़ा सवाल उन परिवारों के सामने खड़ा हो गया है जिनके सिर से छत छिन गई है। हाउसिंग बोर्ड कुल 600 परिवारों में से केवल 110 को ही वैध आवंटी मान रहा है। नियमानुसार इन्हीं परिवारों को किराए की सहायता मिलने की पात्रता होगी। यह राशि करीब 1400 से 2000 रुपये बताई जा रही है। दूसरी ओर करीब 490 परिवार ऐसे हैं जो अवैध रूप से रह रहे थे या पुराने आवंटियों के साथ आपसी समझौते के आधार पर मकानों में रह रहे थे। इन परिवारों के लिए फिलहाल रहने की कोई स्पष्ट व्यवस्था सामने नहीं आई है।
कार्रवाई के दौरान कई परिवार अपने घरों को आंखों के सामने टूटते देखकर भावुक हो गए। रुख्सार ने बताया कि उनका परिवार लंबे समय से यहां रह रहा था। उन्हें उम्मीद दिलाई गई थी कि मकान खाली कराने के बाद नया घर दिया जाएगा। लेकिन अब सामान गाड़ियों में रखा है और किराए पर कमरा तक नहीं मिल पा रहा है। उन्हें समझ नहीं आ रहा कि परिवार को लेकर कहां जाएं।
बुजुर्ग छोटे अरमान ने बताया कि उनका मकान टूटने के बाद परिवार को रात फुटपाथ पर बितानी पड़ी। उनका कहना था कि लोगों को हटाने से पहले रहने की व्यवस्था करनी चाहिए थी और प्रभावित परिवारों को किराया दिया जाना चाहिए। वहीं बुजुर्ग महिला बानो बी ने सरकार से किसी दूसरी सुविधा की मांग नहीं की। उन्होंने सिर्फ रहने के लिए एक घर मांगा। उनका कहना था कि जरूरत पड़े तो वह छोटी सी झोपड़ी में भी गुजारा कर लेंगी।
रहवासी सैयद तौसिफ हुसैन ने भी कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनके पास दस्तावेज होने के बावजूद उन्हें मकान नहीं मिला। उनका मानना है कि मकान के बदले मकान दिया जाना चाहिए था। ऑटो चलाकर परिवार पालने वाले आशिक मियां ने बताया कि उनका घर भी टूट गया है और सामान परिचित के यहां रखना पड़ा है। किराए के कमरे के लिए 4 से 5 हजार रुपये मांगे जा रहे हैं। इतनी रकम देना उनके लिए मुश्किल है।
जनता क्वार्टर में करीब 600 ईडब्ल्यूएस मकान हाउसिंग बोर्ड ने 1986-87 में बनवाए थे। 23 अक्टूबर 1992 को इन्हें नगर निगम को हस्तांतरित कर दिया गया था। निगम ने 16 अगस्त 2016 को भवनों को जर्जर घोषित किया। इसके बाद हाउसिंग बोर्ड ने मार्च 2018 में मकान खाली करने के नोटिस जारी किए। जून 2021 में फिर नोटिस दिया गया और 13 नवंबर 2026 को अंतिम चेतावनी जारी की गई। इसके बाद 23 नवंबर को तोड़फोड़ की कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए करीब एक हजार पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे। चार एसडीएम 10 तहसीलदार और 15 से अधिक नायब तहसीलदार भी मौके पर मौजूद रहे। बाहरी लोगों को 500 मीटर पहले ही रोक दिया गया था। हालांकि हाईकोर्ट के आदेश पर क्वार्टर नंबर 465 के आवंटी मोहम्मद हफीज खान को दो दिन की राहत मिली है। उनका मकान बुधवार को तोड़ा जाएगा।
अब हाउसिंग बोर्ड इस जमीन के विकास के लिए पहले प्री-डिटेल रिपोर्ट तैयार करेगा। इसके बाद बोर्ड की बैठक में फैसला लेकर विस्तृत परियोजना रिपोर्ट बनाई जाएगी। इसमें इमारतों की मंजिलें फ्लैटों की संख्या सड़क पार्किंग पानी बिजली और अन्य सुविधाओं की रूपरेखा तय होगी। री-डेवलपमेंट से वैध आवंटियों को नए घर मिलने की उम्मीद है लेकिन फिलहाल बेघर हुए सैकड़ों परिवारों के सामने सबसे बड़ी चुनौती सिर छिपाने की जगह तलाशना है।
