MP में सीजन में पहली बार 9 डिग्री से नीचे पहुंचा पारा, 20 से 22 नवंबर तक आंधी-बारिश की चेतावनी
मौसम केंद्र भोपाल (IMD) ने तापमान में गिरावट के साथ ही 20, 21 और 22 नवंबर को प्रदेश में आंधी-बारिश की संभावना जताई है। जबलपुर, रीवा, शहडोल, सागर और नर्मदापुरम संभाग के कई इलाकों में मौसम बदलने का अलर्ट जारी किया गया है।
बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम से बदलेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ के प्रभाव से प्रदेश में मौसम का मिजाज बदलेगा। इसका असर 20 नवंबर से दिखाई देने लगेगा। शहडोल और डिंडौरी में भारी बारिश की चेतावनी है। इन इलाकों में अगले 24 घंटे के दौरान 4 इंच से अधिक बारिश हो सकती है। इसके साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
इसके अलावा छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, दमोह, कटनी, मैहर, उमरिया, अनूपपुर, जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, मंडला और बालाघाट में भी मौसम प्रभावित हो सकता है। 21 नवंबर को सीधी और अनूपपुर में भारी बारिश का अनुमान है, जबकि 22 नवंबर को भी कुछ क्षेत्रों में बारिश होने की संभावना बनी हुई है।
20 शहरों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री से नीचे
प्रदेश में रात के तापमान में गिरावट का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि बीती रात 20 शहरों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हुआ। करौंदी के बाद शहडोल का कल्याणपुर सबसे ठंडा रहा, जहां पारा 9 डिग्री पर पहुंच गया।
इसके अलावा उमरिया में 10.9 डिग्री, रीवा में 11 डिग्री, दमोह में 11.2 डिग्री, मलाजखंड में 11.8 डिग्री, जबलपुर में 11.9 डिग्री और नौगांव में 12 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। छिंदवाड़ा और खजुराहो में न्यूनतम तापमान 12.2 डिग्री, सीधी में 12.4, मंडला में 12.5, दतिया में 12.6 और ग्वालियर में 12.8 डिग्री रहा।
राजधानी भोपाल में पारा 13 डिग्री, सतना में 13.2, पचमढ़ी में 13.4 और रायसेन में 13.5 डिग्री दर्ज किया गया। इंदौर और बैतूल में न्यूनतम तापमान 14 डिग्री, जबकि नरसिंहपुर में 14.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
आगे और बढ़ेगी ठंड
जानकारी के मुताबिक, कश्मीर और उत्तराखंड के कई इलाकों में बर्फबारी हो रही है। पहाड़ों से आ रही ठंडी हवाओं के कारण मध्य प्रदेश में सर्दी का असर बढ़ रहा है। मौसम से जुड़े सिस्टम के आगे बढ़ने के साथ प्रदेश में ठंड और तेज होने की संभावना है।
