MP में 20-21 नवंबर को आंधी-बारिश का अलर्ट, बालाघाट-डिंडौरी में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम केंद्र भोपाल के अनुसार, जबलपुर, रीवा, शहडोल, नर्मदापुरम और इंदौर संभाग में मौसम का असर देखने को मिल सकता है। बालाघाट और डिंडौरी में अगले 24 घंटे के दौरान ढाई से साढ़े चार इंच तक बारिश होने का अनुमान है। इसके अलावा मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, मैहर, कटनी, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, जबलपुर, मंडला, सिवनी, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, खंडवा, बुरहानपुर और खरगोन में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है।
20 नवंबर से बदलेगा मौसम
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 20 नवंबर को शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला, सिवनी और बालाघाट में हल्की बारिश की संभावना है। इसके बाद 21 नवंबर को चक्रवाती सिस्टम का असर बढ़ सकता है। इससे पहले प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाए रहने का अनुमान है। भोपाल में पिछले दो दिनों से बादलों के साथ धुंध का असर भी बना हुआ है।
कल्याणपुर में सबसे कम 9.9 डिग्री तापमान
बारिश की संभावना के बीच प्रदेश में रात के तापमान में गिरावट का दौर जारी है। बीती रात शहडोल के कल्याणपुर में सबसे कम 9.9 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। कटनी के करौंदी में पारा 10.9 डिग्री, दमोह में 12 डिग्री, नौगांव में 12.2 डिग्री, उमरिया में 13.1 डिग्री और पचमढ़ी में 13.2 डिग्री रहा। छिंदवाड़ा और जबलपुर में न्यूनतम तापमान 13.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
भोपाल, खजुराहो और ग्वालियर में 13.18 डिग्री, मंडला में 14 डिग्री, सतना और सीधी में 14.2 डिग्री, बैतूल में 14.3 डिग्री तथा मलाजखंड में 14.4 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।
पहाड़ों पर बर्फबारी से बढ़ी ठंड
कश्मीर और उत्तराखंड के कई इलाकों में हो रही बर्फबारी का असर मध्य प्रदेश के मौसम पर भी पड़ रहा है। पहाड़ी क्षेत्रों से आ रही ठंडी हवाओं के कारण प्रदेश में रात के तापमान में गिरावट आई है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, मौजूदा सिस्टम के आगे बढ़ने के बाद प्रदेश में ठंड का असर और तेज हो सकता है।
