November 19, 2026

कॉमेडी के नाम पर मुस्लिम समाज पर तंज पड़ा भारी, समय रैना के कमेंट पर नायब काजी ने जताई नाराजगी

0
untitled-1794892308

भोपाल। कॉमेडियन समय रैना के शो इंडियाज गॉट लेटेंट में कजिन मतलब पति वाले कमेंट को लेकर विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। इस टिप्पणी पर अब भोपाल के नायब शहर काजी मौलाना अली कदर ने नाराजगी जताई है। उन्होंने इस तरह की टिप्पणी को इस्लामोफोबिया की बदसूरत मिसाल बताते हुए कहा कि कॉमेडी के नाम पर किसी धर्म या समुदाय की सामाजिक व्यवस्था को गलत तरीके से पेश करना उचित नहीं है। मौलाना अली कदर के मुताबिक कलाकारों को अपनी पहचान और अपने अनुभवों के आधार पर हास्य प्रस्तुत करना चाहिए न कि किसी दूसरे समुदाय के बारे में गलत धारणाओं को बढ़ावा देना चाहिए।

मौलाना अली कदर ने बताया कि उन्होंने विवादित एक्ट की रील देखी है। उनके अनुसार इसमें हैदराबादी लहजे का इस्तेमाल करते हुए मुस्लिम परिवारों में भाई बहनों की पढ़ाई और बच्चों की संख्या जैसे विषयों पर मजाक किया गया। उनका कहना है कि मंच से मुस्लिम समाज की जो तस्वीर पेश की गई वह मौजूदा आंकड़ों और वास्तविक सामाजिक परिस्थितियों से पूरी तरह मेल नहीं खाती। उन्होंने खास तौर पर मुस्लिम परिवारों में अधिक बच्चों की संख्या और मुस्लिम लड़कियों की शिक्षा को लेकर बनाए गए मजाक पर आपत्ति जताई।

मौलाना ने जनसंख्या से जुड़े आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि मुस्लिम महिलाओं की कुल प्रजनन दर में पिछले कुछ दशकों में लगातार गिरावट आई है। उनके मुताबिक वर्ष 1992 में मुस्लिम महिलाओं की कुल प्रजनन दर करीब 3 थी जो अब घटकर करीब 2.1 रह गई है। वहीं हिंदू महिलाओं की प्रजनन दर भी इस दौरान कम हुई है। उनका कहना है कि ऐसे में मुस्लिम समाज को लगातार बढ़ती आबादी के नजरिए से पेश करना वास्तविकता की पूरी तस्वीर नहीं दिखाता।

महिलाओं की शिक्षा को लेकर भी उन्होंने कहा कि मुस्लिम लड़कियां पढ़ाई में पीछे नहीं हैं। कई क्षेत्रों में वे मुस्लिम लड़कों से भी बेहतर प्रदर्शन कर रही हैं। उन्होंने साक्षरता के आंकड़ों का उल्लेख करते हुए कहा कि मुस्लिम महिलाओं की शिक्षा को लेकर समाज में बनाई गई कई धारणाएं वास्तविक आंकड़ों से अलग हैं। इसलिए किसी समुदाय की महिलाओं और परिवार व्यवस्था को केवल हास्य का विषय बनाना उचित नहीं है।

कजिन को लेकर किए गए कमेंट पर मौलाना अली कदर ने इस्लाम में रिश्तों की स्थिति भी स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि एक ही मां या पिता से जन्मे बच्चों को भाई बहन माना जाता है और उनके बीच निकाह की अनुमति नहीं होती। इसी तरह दूध का रिश्ता बनने पर भी बच्चे रिजाई भाई बहन माने जाते हैं और उनके बीच निकाह नहीं हो सकता। हालांकि इस्लामी कानून में चचेरे और ममेरे भाई बहन के बीच निकाह पर ऐसी रोक नहीं है।

मौलाना ने कहा कि 9/11 के बाद दुनियाभर में इस्लामोफोबिया बढ़ा था और इसका असर भारत में भी देखने को मिला। उनके अनुसार इस तरह की धारणाओं का इस्तेमाल सामाजिक और राजनीतिक विभाजन के लिए किया गया। उन्होंने कहा कि अब समाज में लोग ऐसी बातों को समझने लगे हैं और कई हिंदू समाज के लोग भी मुसलमानों के पक्ष में आवाज उठाते हैं।

उन्होंने ऐसी टिप्पणियां करने वालों के साथ उन जिम्मेदार अधिकारियों को भी जवाबदेह बताया जो शिकायतों के बावजूद तत्काल कार्रवाई नहीं करते। हालांकि मौलाना ने मुस्लिम समाज से धैर्य बनाए रखने और सकारात्मक रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि नफरत किसी भी इंसान को भीतर से कमजोर करती है। सभी धर्मों की मूल भावना प्रेम भाईचारे और इंसानियत है इसलिए समाज को विवाद बढ़ाने के बजाय आपसी सम्मान और सद्भाव को मजबूत करना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed