MP की राजनीति में गजब के रंग, धीरेंद्र शास्त्री को भगवान का दर्जा, विधायक का हथौड़ा वाला बयान और मंत्री की रेस में हार
सबसे पहले बात करते हैं मंत्री दिलीप अहिरवार की जिन्होंने एक कार्यक्रम के दौरान अपने अलग अंदाज से लोगों का ध्यान खींच लिया। मंत्री एक स्पोर्ट्स अकादमी के कार्यक्रम में पहुंचे थे। यहां उन्होंने बच्चों से बातचीत की और उनके साथ कुछ समय बिताया। इसी दौरान बच्चों ने उनसे दौड़ लगाने की इच्छा जताई तो मंत्री भी मैदान में उतर गए। उन्होंने बच्चों के साथ दौड़ लगाई और पूरी ताकत से दौड़े लेकिन बच्चों की रफ्तार के आगे उनकी एक नहीं चली। मंत्री रेस हार गए लेकिन बच्चों की खुशी देखकर उनका उत्साह कम नहीं हुआ। अब इस घटना को लेकर लोग मजाकिया अंदाज में कह रहे हैं कि हारकर जीतने वाले को बाजीगर कहते हैं। दिलीप अहिरवार इससे पहले मुख्यमंत्री के हेलिकॉप्टर में बैठने के लिए दौड़ लगाने को लेकर भी चर्चा में आ चुके हैं।
दूसरी दिलचस्प चर्चा शिवपुरी जिले के पिछोर से भाजपा विधायक प्रीतम सिंह लोधी को लेकर है। विधायक ने एक बार फिर अपने अंदाज में अपनी ताकत और राजनीतिक प्रभाव का जिक्र किया है। उन्होंने खुद को बाजीगर और कारीगर बताते हुए कहा कि एक लाख लाड़ली और लाड़लों ने उनके हाथ को मजबूत कर दिया है। अब उनका हाथ हथौड़ा बन गया है। दरअसल हाल ही में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पिछोर पहुंचे थे। इस दौरान विधायक ने पिछोर को नया जिला बनाने की मांग जोरदार तरीके से उठाई थी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी को लेकर भी उन्होंने अपनी पीठ थपथपाई। एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने अपने आयोजन की सफलता का जिक्र करते हुए यह बयान दिया। मुख्यमंत्री ने भी मंच से उन्हें पहलवान कहकर संबोधित किया था। अब विधायक के हथौड़ा वाले बयान की राजनीतिक हलकों में चर्चा हो रही है।
तीसरा मामला बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से जुड़ा है। हाल ही में एक कथा के दौरान उन्होंने भगवान राम और भगवान कृष्ण के स्वभाव को लेकर टिप्पणी की थी। उन्होंने भगवान राम को सीधा और भगवान कृष्ण को टेढ़ा बताया था। इस बयान पर शिवपुरी में भाजपा जिला अध्यक्ष जसवंत जाटव और प्रदेश प्रवक्ता धैर्यवर्धन शर्मा से सवाल किया गया तो दोनों नेताओं ने शास्त्री के बयान का समर्थन किया। जिला अध्यक्ष ने कहा कि धीरेंद्र शास्त्री धार्मिक शास्त्रों के व्याख्याता हैं और उन्हें अपनी बात रखने का अधिकार है। उन्होंने कहा कि लोग उनमें आस्था और विश्वास रखते हैं। वहीं भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता धैर्यवर्धन शर्मा ने एक कदम आगे बढ़ते हुए उन्हें ईश्वर का अवतार बता दिया। उनके इस बयान ने राजनीतिक और सामाजिक हलकों में नई चर्चा छेड़ दी है।
इधर प्रदेश की नौकरशाही से जुड़ा एक मामला भी चर्चा में है। एक विभाग में पदस्थ अपर मुख्य सचिव छठ पर्व मनाने के लिए अपने गृह राज्य जाने की तैयारी कर रहे थे। इसके लिए उन्होंने दस दिन की छुट्टी भी मंजूर कराई थी लेकिन रवाना होने से ठीक पहले सरकार ने उन्हें तलब कर लिया। विभागीय कामकाज की समीक्षा में ढाई हजार से अधिक फाइलें लंबित मिलने की बात सामने आई। इसके बाद अधिकारी को अपने विभाग की स्थिति पर सफाई देनी पड़ी और उन्होंने अपनी छुट्टियां रद्द कर दीं। बताया जा रहा है कि अधिकारी फिलहाल दिल्ली में रहकर ऑनलाइन फाइलों का निपटारा कर रहे हैं। इस घटनाक्रम के बाद विभागीय कामकाज और लंबित फाइलों को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है।
