छोटे-छोटे डाक टिकट सुनाएंगे भारत की बड़ी कहानी, ग्वालियर में तैयार हो रहा आधुनिक फिलाटेली म्यूजियम, तस्वीरों और जानकारियों से सजेगा इतिहास
महाराज बाड़े पर स्थित ऐतिहासिक प्रधान डाकघर की इमारत अपनी वास्तुकला और विरासत के लिए खास पहचान रखती है। करीब 117 साल पुरानी यह इमारत इटालियन वास्तुकला शैली में बनाई गई है। वर्तमान में इसी भवन से प्रधान डाकघर का संचालन किया जा रहा है। अब इसी ऐतिहासिक परिसर के पिछले हिस्से में फिलाटेली म्यूजियम तैयार किया जा रहा है। इसे आधुनिक सुविधाओं के साथ विकसित करने की योजना है ताकि यहां आने वाले लोगों को डाक टिकटों के माध्यम से देश की विरासत को समझने का नया अनुभव मिल सके।
फिलाटेली का संबंध डाक टिकटों के संग्रह और उनके अध्ययन से है। शुरुआती दौर में डाक टिकटों का इस्तेमाल पत्र भेजने के लिए डाक शुल्क के अग्रिम भुगतान के प्रमाण के रूप में किया जाता था। लेकिन समय के साथ इनका महत्व बढ़ता गया और ये इतिहास तथा संस्कृति को सहेजने का माध्यम बन गए। भारत में डाक विभाग ने अलग-अलग समय पर महान स्वतंत्रता सेनानियों साहित्यकारों वैज्ञानिकों कलाकारों और अन्य प्रमुख हस्तियों के सम्मान में विशेष डाक टिकट जारी किए हैं। इसके अलावा ऐतिहासिक इमारतों प्राकृतिक धरोहरों महत्वपूर्ण घटनाओं और देश की उपलब्धियों को भी टिकटों के जरिए प्रदर्शित किया गया है।
ग्वालियर में बनने वाले इस संग्रहालय की खास बात यह होगी कि यहां केवल डाक टिकटों को ही नहीं रखा जाएगा बल्कि उनसे जुड़ी तस्वीरें और ऐतिहासिक जानकारियां भी प्रदर्शित की जाएंगी। इससे दर्शकों को किसी टिकट को देखने के साथ यह समझने का अवसर मिलेगा कि उसे किस अवसर पर जारी किया गया था और उसका ऐतिहासिक महत्व क्या है। संग्रहालय में अलग-अलग विषयों से जुड़े टिकटों को व्यवस्थित तरीके से प्रदर्शित करने की योजना है। इससे विद्यार्थियों इतिहास में रुचि रखने वाले लोगों और डाक टिकट संग्रह करने के शौकीनों को विशेष लाभ मिल सकता है।
महाराज बाड़े के प्रधान पोस्टमास्टर मलखान सिंह लोधी के मुताबिक संग्रहालय तैयार करने का उद्देश्य आम लोगों को देश के इतिहास संस्कृति और महत्वपूर्ण व्यक्तित्वों से परिचित कराना है। अभी तक डाकघरों में फिलाटेली टिकटों को संग्रह के रूप में प्रदर्शित किया जाता रहा है लेकिन अब इन्हें आधुनिक संग्रहालय के रूप में व्यवस्थित किया जाएगा। टिकटों के साथ उनसे संबंधित तस्वीरें और जानकारी भी उपलब्ध रहेगी जिससे लोग इतिहास को अधिक विस्तार से समझ सकेंगे।
भारतीय डाक विभाग का पहला डाक संग्रहालय वर्ष 1968 में नई दिल्ली में स्थापित किया गया था। हालांकि विभाग के अनुसार ग्वालियर में तैयार होने वाला संग्रहालय देश का पहला आधुनिक फिलाटेली म्यूजियम होगा। इसके निर्माण के लिए करीब एक साल का लक्ष्य रखा गया है। संग्रहालय तैयार होने के बाद महाराज बाड़े की ऐतिहासिक इमारत को एक नई पहचान मिलने की उम्मीद है। यह स्थान न केवल डाक टिकटों के संग्रह का केंद्र बनेगा बल्कि इतिहास संस्कृति और विरासत में रुचि रखने वाले लोगों के लिए भी आकर्षण का नया केंद्र बन सकता है। चिट्ठियों के दौर की यादों से लेकर आधुनिक भारत की उपलब्धियों तक की कहानी अब यहां डाक टिकटों के जरिए देखने को मिलेगी।
