भोपाल में महिला हॉकी का बड़ा मुकाबला, भारत समेत 6 देशों की टीमें उतरेंगी मैदान में, 28 नवंबर को गोल्ड मेडल के लिए जंग
प्रतियोगिता में भारत के अलावा चीन जापान दक्षिण कोरिया मलेशिया और थाईलैंड की टीमें हिस्सा ले रही हैं। बुधवार सुबह थाईलैंड की महिला हॉकी टीम भोपाल पहुंची। भोपाल एयरपोर्ट पर खिलाड़ियों का पारंपरिक अंदाज में स्वागत किया गया। खिलाड़ियों के माथे पर तिलक लगाया गया और उन्हें शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। थाईलैंड की टीम के पहुंचने के साथ ही प्रतियोगिता में शामिल होने वाली टीमों के भोपाल पहुंचने का सिलसिला तेज हो गया है। सभी टीमें अब टूर्नामेंट के मुकाबलों और अभ्यास को लेकर अपनी तैयारियों में जुटेंगी।
पहले दिन यानी 19 नवंबर को मुकाबलों के समय में बदलाव किया गया है। नए कार्यक्रम के मुताबिक प्रतियोगिता का पहला मैच दोपहर 12:15 बजे चीन और थाईलैंड के बीच खेला जाएगा। इसके बाद दोपहर 2:30 बजे जापान और दक्षिण कोरिया की टीमें आमने सामने होंगी। मेजबान भारत का पहला मुकाबला मलेशिया से होगा जो अब शाम 4:45 बजे खेला जाएगा। पहले इस मुकाबले का समय शाम 7 बजे निर्धारित था। उद्घाटन समारोह का समय भी बदलकर शाम 6:30 बजे कर दिया गया है। इस तरह पहले दिन तीनों मुकाबले उद्घाटन समारोह से पहले ही पूरे हो जाएंगे।
भारतीय महिला हॉकी टीम लीग चरण में कुल पांच मुकाबले खेलेगी। मलेशिया के खिलाफ शुरुआती मैच के बाद 21 नवंबर को भारत का सामना दक्षिण कोरिया से होगा। इसके बाद 22 नवंबर को भारतीय टीम थाईलैंड के खिलाफ मैदान में उतरेगी। 24 नवंबर को भारत और चीन के बीच मुकाबला होगा जबकि 25 नवंबर को जापान के खिलाफ भारतीय टीम अपनी लीग चरण की आखिरी भिड़ंत खेलेगी। पहले मैच को छोड़कर भारत के बाकी चार लीग मुकाबले शाम 7 बजे से खेले जाएंगे। मेजबान होने के कारण भारतीय टीम के लिए शाम का स्लॉट रखा गया है।
लीग चरण के मुकाबले 25 नवंबर को समाप्त होंगे। इसके बाद 27 नवंबर को टीमों की पोजिशन के आधार पर मुकाबले खेले जाएंगे। दोपहर 2 बजे पांचवें और छठे स्थान की टीम आमने सामने होगी। शाम 4:30 बजे पहले और चौथे स्थान की टीमों के बीच मुकाबला होगा जबकि शाम 7 बजे दूसरे और तीसरे स्थान की टीमें भिड़ेंगी। 28 नवंबर को प्रतियोगिता का निर्णायक दिन होगा। शाम 4:30 बजे ब्रॉन्ज मेडल के लिए मुकाबला होगा जबकि शाम 7 बजे गोल्ड मेडल के लिए खिताबी जंग होगी।
वर्ल्ड रैंकिंग के लिहाज से चीन इस टूर्नामेंट की सबसे मजबूत टीम है। चीन विश्व रैंकिंग में चौथे स्थान पर है जबकि भारत सातवें स्थान पर है। जापान 11वें कोरिया 15वें मलेशिया 21वें और थाईलैंड 28वें स्थान पर है। एशियाई रैंकिंग में भी चीन पहले और भारत दूसरे स्थान पर है। ऐसे में भोपाल में होने वाली यह प्रतियोगिता भारतीय टीम के लिए अपनी ताकत दिखाने और खिताब की दावेदारी मजबूत करने का बड़ा मौका होगी। राजधानी के हॉकी प्रेमियों की नजर अब 19 नवंबर को होने वाले भारत और मलेशिया के मुकाबले पर टिकी है।
