कलियासोत डैम पर खौफनाक लूट से दहशत, बदमाश बोले- चेन दो वरना जिंदा नहीं छोड़ेंगे; 10 घंटे में गिरफ्तारी
पुलिस के मुताबिक फरियादी संसृति अपने दोस्तों ख्याति वंश और देव के साथ कलियासोत डैम के पास पहुंची थी। चारों निजी कॉलेज में बीबीए सेकंड ईयर की पढ़ाई कर रहे हैं। घटना वाली रात वे कार से डैम के पास मैदान में गए थे। वहां चारों पटाखे फोड़ रहे थे और आपस में बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन युवक उनके पास आकर रुके। तीनों बाइक से नीचे उतरे और चारों युवक युवतियों को घेर लिया।
फरियादी के अनुसार रात करीब 9 बजे शुरू हुई यह वारदात करीब 9 बजकर 7 मिनट तक पूरी हो गई। बदमाशों ने चाकू दिखाकर चारों के गले से चेन उतरवाई और इसके बाद जान से खत्म करने की धमकी देते हुए मौके से भाग निकले। घटना के तुरंत बाद पीड़ितों ने पुलिस को सूचना नहीं दी। बाद में युवती के गले में चेन नहीं दिखने पर परिवार के लोगों ने पूछताछ की तब पूरी वारदात सामने आई। इसके बाद 14 नवंबर को रातीबड़ थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।
मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। थाना प्रभारी रास बिहारी शर्मा ने जांच के लिए तीन पुलिस टीमें बनाई। पुलिस ने पुराने लूट के मामलों में शामिल आरोपियों और जेल से बाहर आए निगरानी बदमाशों से पूछताछ की। इसके साथ ही वारदात वाले इलाके से लेकर आरोपियों के संभावित भागने वाले रास्तों तक करीब 150 CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले गए।
पुलिस ने तकनीकी संसाधनों और मुखबिर तंत्र की मदद से तीनों आरोपियों की पहचान कर ली। इसके बाद एफआईआर दर्ज होने के करीब 10 घंटे के भीतर तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई चारों चेन वारदात में इस्तेमाल बाइक और चाकू भी बरामद कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपियों में रामपाल सिंह के खिलाफ पहले से अपहरण दुष्कर्म और पॉक्सो जैसे गंभीर अपराधों के मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस अब आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि तीनों ने इससे पहले भी भोपाल और आसपास के इलाकों में इसी तरह की वारदातों को अंजाम दिया है या नहीं।
पुलिस के अनुसार कलियासोत और केरवा डैम क्षेत्र में चीता मोबाइल की लगातार गश्त रहती है। लोगों को घने जंगलों में जाने से रोकने के लिए जगह जगह चेतावनी बोर्ड भी लगाए गए हैं। इसके बावजूद बदमाशों ने डैम के पास वारदात को अंजाम दे दिया। अब पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर उनकी अन्य संभावित वारदातों का पता लगाने में जुटी है।
